बारां , सितम्बर 08 -- राजस्थान में बारां जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रहा चुनाव प्रचार सोमवार शाम थम गया।

अब बुधवार को जिले की तीन नगरीय निकायों बारां नगर परिषद, अंता और सीसवाली नगर पालिका में मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक कराया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

मतदान को लेकर जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान दलों को आवश्यक सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किये गये हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।

प्रचार का शोर थमने के बाद प्रत्याशी अब व्यक्तिगत जनसंपर्क में लगे रहे। मंगलवार को प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान का आग्रह किया। कई वार्डों में देर शाम तक प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान चलता रहा। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं को साधने में जुटे रहे और अंतिम समय तक अपना पक्ष मजबूत करने का प्रयास किया।

बारां नगर परिषद के कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय होने से चुनावी तस्वीर काफी रोचक बनी हुई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस सहित आप, निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई वार्डों में मजबूती से ताल ठोकी है। अंता और सीसवाली में भी प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। ऐसे में मतदाताओं का रुख ही चुनाव परिणाम की दिशा तय करेगा।

मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था किये जाने की तैयारी है। निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित