उदयपुर , मार्च 31 -- राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया जिसमें विज्ञान, कला और वरिष्ठ उपाध्याय में छात्राओं ने बाजी मारी जबकि वाणिज्य संकाय में छात्र अव्वल रहे।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने उदयपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित डीओआईटी सभागार से माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर से वर्चुअली जुड़कर सुबह दस बजे परीक्षा परिणामों की घोषणा की। कक्षा 12 के सभी संकायों तथा वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का समेकित परीक्षा परिणाम 96.45 प्रतिशत रहा। इसके साथ ही आजादी के बाद पहली बार ऐसा अवसर रहा जब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परिणाम मार्च महीने में ही जारी कर दिए गए।

श्री दिलावर ने बताया कि उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा में दो लाख 87 हजार 068 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिसमें दो लाख 85 हजार 299 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रविष्ट हुए। उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा का परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.02 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 98.34 रहा। विज्ञान वर्ग में एक लाख 78 हजार 51 छात्रों में 146644 छात्र और एक लाख सात हजार 248 छात्राओं में से 98 हजार 636 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई है।

वाणिज्य वर्ग की परीक्षा में 30 हजार 798 पंजीकृत विद्यार्थियों में 30 हजार 580 परीक्षा में प्रविष्ट हुए। वाणिज्य वर्ग का परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 94.04 तथा छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 92.82 रहा। वाणिज्य वर्ग में 20 हजार 666 छात्रों मे से 13 हजार 976 छात्र और 9914 छात्राओं में से 8096 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित