दंतेवाड़ा , अक्टूबर 06 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बारसूर क्षेत्र के जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता लगाकर एके-47 और इंसास रायफल समेत बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक तथा संचार उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने मंगलवार को बताया कि आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर पांच अक्टूबर को बारसूर थाना क्षेत्र के मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान आज सुबह करीब साढ़े छह बजे कोहकाबेड़ा और बुरदूम के बीच घने जंगल में नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर और अन्य स्थानों पर छिपाकर रखे गए डंप का पता चला।

उन्होंने बताया कि डंप से एक एके-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक बीजीएल लॉन्चर, एक .315 बोर बंदूक और छह भरमार बंदूकें बरामद की गईं। इसके अलावा नौ बीजीएल सेल, एके-47 के 23 कारतूस एवं मैग्जीन, पांच बीजीएल राउंड और एक इंसास मैग्जीन भी मिली है।

पुलिस के अनुसार मौके से दो टिफिन बम, आठ कुकर बम, दो तीर बम, करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर, 24 पिस्टन रॉड स्प्रिंग, करीब 20 मीटर लाल-काला तार और एक मल्टीमीटर सहित विस्फोटकों से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

डंप से 20 वॉकी-टॉकी सेट, दो जोड़ी नक्सली वर्दी, एक इनवर्टर और दो कार इनवर्टर समेत अन्य उपकरण भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल नक्सलियों द्वारा आपसी संचार के लिए किए जाने की आशंका है।

श्री सिंह ने बताया कि नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संवेदनशील और दुर्गम इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बरामदगी के बाद बारसूर क्षेत्र के आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों की तलाशी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित