बेमेतरा , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शासकीय उचित दर दुकान संचालकों ने बारदाना की बकाया राशि का भुगतान और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के स्टॉक में कथित गड़बड़ी को दूर करने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्टर से गुहार लगाई।

राशन विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि बारदाना की राशि विभाग को प्राप्त होने के बावजूद उन्हें अब तक इसका भुगतान नहीं किया गया है। इसके साथ ही ई-पॉस मशीन में प्रदर्शित स्टॉक में विसंगति के कारण राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

विक्रेताओं के अनुसार अगस्त माह में स्टॉक संबंधी गड़बड़ी के कारण करीब 80 से 100 क्विंटल से अधिक राशन का वितरण प्रभावित हुआ। उनका कहना है कि ई-पॉस मशीन और वास्तविक स्टॉक में अंतर होने से हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने में परेशानी आ रही है।

राशन विक्रेताओं ने कलेक्टर से बारदाना की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराने, ई-पॉस मशीन में स्टॉक संबंधी विसंगतियों को दूर करने और पीडीएस वितरण व्यवस्था को सुचारू कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित