बैतूल , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश के बैतूल नगर पालिका में लंबे समय से बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराने और लगातार अनुपस्थित रहने वाले 24 आउटसोर्स एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे ने सेवा नियमों के उल्लंघन और लगातार अनुपस्थिति को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार संबंधित कर्मचारी लंबे समय से नियमित रूप से कार्यालय नहीं आ रहे थे तथा बायोमैट्रिक उपस्थिति भी दर्ज नहीं कर रहे थे।

नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक विजय हुद्दार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि स्वास्थ्य, जलप्रदाय और लोक निर्माण शाखा में कार्यरत 24 आउटसोर्स एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को सेवा से पृथक किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में बायोमैट्रिक उपस्थिति व्यवस्था का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और भविष्य में भी नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों के सेवा से पृथक होने के बावजूद सफाई, जलप्रदाय तथा अन्य आवश्यक सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित