यमुनानगर , अक्टूबर 26 -- हरियाणा के यमुनानगर जिले में फर्कपुर थानान्तर्गत बायोगैस प्लांट में निवेश पर 20 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 12 लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों में आरएनजे बायोग्रीन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक राजेश राठौर, मार्केटिंग निदेशक मोहम्मद शहनवाज भारती उर्फ शान भारती और संजय नेहरा शामिल हैं।
गांव मंडेबर निवासी परविंदर सिंह ने शिकायत में बताया कि चार मई 2025 को कुरुक्षेत्र के गांव गुहाण स्थित कंपनी के कार्यालय में उनकी आरोपियों से मुलाकात हुई थी। आरोपियों ने कहा कि कंपनी बायोगैस प्लांट का कारोबार करती है। निवेश पर हर महीने 10 से 12 प्रतिशत मुनाफा और 20 महीने में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिया। पांच लाख से अधिक निवेश पर लिखित समझौता और सुरक्षा चेक देने की बात कही।
शिकायत के अनुसार परविंदर सिंह और उनके साथियों ने ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 12 लाख रुपये दिए। आरोपहै कि रकम लेने के बाद न मुनाफा दिया और न ही मूल राशि लौटाई। रुपये मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने पहले पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी थी, जिसके बाद मामला आर्थिक अपराध शाखा को भेजा गया था। रकम लौटाने के आश्वासन के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित