मुंबई , जुलाई 13 -- मुंबई पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि दक्षिण मुंबई के बायकुला इलाके में पिछले महीने मुहर्रम के जुलूस के दौरान जहरीली कैप्सूल बांटने के मामले में गिरफ्तार पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी के मोबाइल से देश विरोधी ईमेल और अंतरराष्ट्रीय ह्वाट्सएप ग्रुप मिले हैं।

बायकुला पुलिस ने 27 जून को प्रेमजी को गिरफ्तार किया था। पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद स्थानीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

पुलिस के अनुसार, प्रेमजी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच में कई ईमेल सामने आये हैं, जिनकी अब जांच की जा रही है।

जांचकर्ताओं को ईरान, इराक और ओमान से जुड़े संपर्क नंबरों के अलावा उसके बनाये कई अंतरराष्ट्रीय ह्वाट्सएप ग्रुप भी मिले हैं। तकनीकी विशेषज्ञ इस डिजिटल डाटा का विश्लेषण कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि कैप्सूल में इस्तेमाल किया गया अत्यधिक जहरीला रसायन चूहों को मारने वाला जिंक फास्फाइड था। उसे दिल्ली की एक कंपनी से खरीदा गया था। अधिकारी अब आपूर्तिकर्ता की भूमिका, खरीदारी का भुगतान किसने किया और क्या आरोपी किसी आतंकवादी विचारधारा से प्रभावित था, इसकी जांच कर रहे हैं।

यह घटना 26 जून को शाम-ए-गरीबां जुलूस के दौरान हुई थी, जो डोंगरा के नूर बाग से हैनकॉक ब्रिज होते हुए रे रोड स्थित रहमताबाद कब्रिस्तान तक गया था। पुलिस का आरोप है कि प्रेमजी ने जिंक फास्फाइड युक्त कैप्सूल बांटे और उन्हें दर्द निवारक व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली दवा बताया। इसके बाद कई लोगों को उल्टी होने लगी और वे काफी बीमार पड़ गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित