रांची , मार्च 18 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने फॉरेंसिक उपकरणों की खरीदारी को लेकर हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं।
श्री मरांडी ने आज कहा कि राज्य के गृह विभाग के अंतर्गत फॉरेंसिक उपकरणों की खरीद को लेकर जो तथ्य सामने आए हैं, वे अत्यंत गंभीर और चिंताजनक हैं। जिस उपकरण को अन्य राज्यों में लगभग 19 लाख रुपये में खरीदा गया, वही उपकरण झारखंड में करीब 75 लाख रुपये में खरीदे जा रहे हैं।
श्री मरांडी ने कहा कि जब अन्य राज्य कम कीमत पर वही उपकरण खरीद रहे हैं, तो झारखंड में इतने अधिक दाम पर खरीद की क्या मजबूरी है? क्या टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी थी? क्या प्रतिस्पर्धात्मक दरों का मूल्यांकन किया गया? या फिर किसी विशेष कंपनी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया?श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन जी, गृह विभाग में आखिर ये सब क्या चल रहा है? आपकी नाक के नीचे करोड़ों के घोटाले को अंजाम दिया जा रहा है। तत्काल इस खरीद प्रक्रिया की जांच कराएं और आवश्यक कार्रवाई करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित