जहानाबाद , जुलाई 30 -- तिहासिक एवं धार्मिक महत्व के बाबा सिद्धेश्वर नाथ धाम, बराबर में गुरुवार को श्रावणी मेला का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री एवं जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा ख़ान तथा खान एवं भूतत्व सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया,जबकि भगवान शिव की महिमा पर आधारित शिव तांडव की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बाबा सिद्धेश्वर नाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर राज्य और जिले की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।

समारोह में उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली बालिकाओं को सम्मानित भी किया गया। बिहार गीत की प्रस्तुति के बाद फीता काटकर श्रावणी मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित