सीतापुर , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री असीम अरुण ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने समानता और सम्मान पर आधारित समाज की विचारधारा स्थापित की तथा संविधान निर्माण कर भारत को विश्व का सशक्त लोकतांत्रिक राष्ट्र बनाया।

असीम अरुण शुक्रवार को सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के खैराबाद स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित संगोष्ठी को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि एक बड़ा वर्ग बाबा साहब को भगवान अथवा मुक्तिदाता के रूप में मानता है, लेकिन उनका वास्तविक योगदान सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक मूल्यों की स्थापना है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज में सम्मान, समानता और बराबरी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर महिलाओं के उत्थान के पक्षधर थे और इसी दिशा में केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम लेकर आई है। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु ने कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने देश के उत्थान और सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित