फर्रुखाबाद , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को पर्यटन विभाग के सहयोग से बाबा लक्ष्मण दास नीमकरोरी धाम के विकास को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में धाम के सुंदरीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन को बढ़ावा देने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि धाम परिसर में सुंदरीकरण में बाधा बनने वाली दुकानों को आपसी सहमति से अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा उस क्षेत्र का उद्यानीकरण किया जाए। साथ ही प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने, तालाबों के सुंदरीकरण और परिसर को व्यवस्थित करने के लिए कई विकास कार्यों पर विचार किया गया।
बैठक में बताया गया कि नीमकरोरी धाम में मंगलवार और शनिवार को लगभग 40 हजार श्रद्धालु आते हैं, इसलिए पार्किंग, सुविधा केंद्र, चिकित्सालय, चाइल्ड केयर प्वाइंट, बस व टेंपो पार्किंग और आकस्मिक सेवा केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा पांच एकड़ का जलकुंड विकसित करने, सड़क किनारे पौधारोपण, भीड़ प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन विभाग से मिलने वाले सहयोग और प्रस्तावित विकास कार्यों को चिन्हित कर विस्तृत योजना तैयार की जाए। बैठक में आर्किटेक्ट फर्म आगरा संधारण की निकिता गुप्ता तथा अग्रवाल एंड एसोसिएट, लखनऊ के प्रतिनिधियों ने भी धाम के विकास से संबंधित अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित