चंदौली , सितंबर 9 -- चंदौली जिले में रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 10 से 12 सितंबर तक होने वाले बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को मल्टीपरपज हॉल में समीक्षा बैठक हुई।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मेला क्षेत्र में 24 घंटे सफाई, शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। चिकित्सा व्यवस्था के लिए एंबुलेंस तैनात रहेगी। इसके अलावा कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, चेंजिंग रूम और अग्निशमन वाहन भी सक्रिय रहेंगे।

मौसम और सुरक्षा को देखते हुए मेले में झूलों के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। एसपी आकाश पटेल ने क्षेत्राधिकारियों को सभी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिस बल की शत-प्रतिशत मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

बैठक में एएसपी अनंत चंद्रशेखर, सीएमओ पारितोष मिश्रा, डीपीआरओ अविनाश कुमार समेत बिजली विभाग, नगर निकाय और मंदिर प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित