चंडीगढ़ , मार्च 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता जताते हुए मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के तहत राज्य में अराजकता का माहौल बन गया है।
श्री चुघ ने होशियारपुर के नूरपुर जट्टन में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीम रॉव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़ की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह सरकार की विफलता को दर्शाता है, जो राष्ट्रीय महापुरुषों की गरिमा की रक्षा भी नहीं कर पा रही है।
उन्होंने अमृतसर के भिंडी सैदां थाने के बाहर हुए विस्फोट का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले डेढ़ साल में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने वाली घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि जब थाने ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए श्री चुघ ने कहा कि राज्य में गैंगस्टर, ड्रग माफिया और असामाजिक तत्व बेखौफ होकर काम कर रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाबदेही तय करने की मांग की।
श्री चुघ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा पंजाब के किसानों के लिए उठाये गये कदमों की सराहना की। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद और उठान के लिए 860 विशेष ट्रेनें चलायी गयी हैं, जिससे 22 लाख टन अनाज के परिवहन में मदद मिलेगी और भंडारण संकट कम होगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि हर साल खरीद सीजन के दौरान अव्यवस्था क्यों देखने को मिलती है और राज्य सरकार समय पर तैयारी क्यों नहीं कर पाती। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों और आम लोगों को अब घोषणाओं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित