पटना , सितंबर 11 -- ापू टावर, पटना में एन.एफ.डी.सी. और एन.एफ. ए.आई.के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय गांधी फिल्म फेस्टिवल का सफल आयोजन किया गया। फिल्म फेस्टिवल के तीसरे और अंतिम दिन फिल्म प्रदर्शन और एक परिसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक अजय ब्रह्मात्मज ने इस समापन समारोह के अवसर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि फिल्मों पर गांधी जी का बहुत ज्यादा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि फिल्म माध्यम से गांधीजी कोई बहुत प्रभावित नहीं थे,बल्कि कई मौकों पर तो उन्होंने इस माध्यम की आलोचना भी की है। जबकि पूरी दुनिया की फिल्मों ने गांधीजी के विचारों और जीवन से खूब प्रेरणा ग्रहण की। चार्ली चैपलिन और वी. शांताराम ने अपनी फिल्मों में उनके विचारों का अनुकरण किया।
इस मौके पर बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि आज गांधी को बार-बार याद करने की जरूरत है। यह फिल्म फेस्टिवल नई पीढ़ी तक गांधीजी के विचारों को ले जाने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों से फिल्मों और गांधीजी के बारे में रोचक संवाद किया।
भारतीय संचार निगम लिमिटेड के निदेशक मनीष कुमार ने बापू टावर में इस तरह के आयोजन पर अपनी खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर 'नोआखली एक्सट्रैक्ट' और 'गांधी अ बाउंडलेस आइडियल' जैसी महत्वपूर्ण फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अवर सचिव अरुण कुमार पाठक तथा धन्यवाद ज्ञापन बापू टावर के उपनिदेशक ललित कुमार सिंह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दारोगा राय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों तथा दयानंद कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय मीठापुर की छात्राओं और शिक्षकों की भागीदारी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित