पटना , अगस्त 15 -- ्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर में हर्षोल्लास के साथ झंडोत्तोलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार द्वारा ध्वजारोहण किया गया।उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारी आजादी के मूल्यों को संजोने और उन्हें याद करने का सामूहिक अवसर है।
इस अवसर पर बापू टावर परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक पुस्तकालय का उद्घाटन भी सचिव प्रणव कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन के बाद यह पुस्तकालय अब आधिकारिक रूप से आम जनता और अध्ययन प्रेमियों के लिए खोल दिया गया है।
बापू टावर के निदेशक विनय कुमार ने पुस्तकालय की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस ज्ञान केंद्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन, उनके दर्शन और विचारों के अनुरूप सैकड़ों महत्वपूर्ण पुस्तकों का विशेष संकलन किया गया है। इसके अतिरिक्त यहां बिहार और देश की समृद्ध कला, इतिहास एवं संस्कृति से जुड़े विभिन्न विषयों की कई महत्वपूर्ण पुस्तकें भी संग्रहित की गई हैं। यह पुस्तकालय शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
इस गरिमामयी समारोह में बापू टावर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी सहित अन्य लोग में उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित