ऋषिकेश , जुलाई, 11 -- उत्तराखंड मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के बाद बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान की दिशा में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। शनिवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय में क्षेत्रीय पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में इस जटिल मामले के समाधान के लिए मुख्य सचिव को समिति गठित कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लंबे समय से लंबित इस प्रकरण का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र रमोला ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल शुरू से ही बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे को विभिन्न मंचों पर प्रमुखता से उठाकर शासन-प्रशासन तक जनता की आवाज पहुंचाई।
पार्षद हर्षवर्धन रावत (पिंटू) ने कहा कि विधायक ने विधानसभा के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के समक्ष भी इस विषय को लगातार उठाया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति की रिपोर्ट के बाद बापू ग्राम की जनता के हित में निर्णय लिया जाएगा।
वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल हमेशा क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और जनता के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहते हैं। पार्षद राजेश कोठियाल, मुस्कान तथा दिनेश रावत ने भी विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस मामले का प्रभावी ढंग से पक्ष रखा गया, जिसका परिणाम अब दिखाई दे रहा है।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर अब तक किए गए प्रयासों का विस्तार से उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित