पटना , मई 29 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने आज आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी महात्मा गांधी (बापू) की विचारधारा को खत्म करने का प्रयास कर रही है और देश में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा को लागू करना चाहती है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में दूसरे चरण के तीन दिवसीय "सर्वोदय संकल्प शिविर" का आयोजन आज किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने किया। यह प्रशिक्षण शिविर 29, 30 और 31 मई तक चलेगा।

इस अवसर पर श्री राम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बापू के सिद्धांतों और आदर्शों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर बापू की विचारधारा से संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। बापू के विचारों एवं सिद्धांतों को हम सभी को आत्मसात करना है।

श्री राम ने कहा कि "सर्वोदय संकल्प शिविर" का आयोजन जिलों में भी किया जाएगा तथा इसे गांव-गांव तक ले जाकर स्वदेशी चीजों को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस अवसर पर सर्वोदय संकल्प शिविर के चेयरपर्सन एवं पूर्व डीजीपी करुणा सागर ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन पार्टी नेता प्रेमचंद सिंह ने किया।

कार्यक्रम में संचालन समिति के संयोजक ब्रजेश प्रसाद मुनन, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, सह संयोजक अरविंद चौधरी, पंकज यादव, कमल कमलेश, विमलेश तिवारी और संजय पांडे सहित अन्य नेता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित