चंडीगढ़ , सितंबर 30 -- चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-3 स्थित बापूधाम कॉलोनी में कांग्रेस की विशाल जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। सभा में सांसद मनीष तिवारी और चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने बापूधामवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जनसभा का आयोजन येंकी कालिया और मीनू कालिया ने किया।
सभा में मालिकाना हक, मकानों से जुड़े अधिकार, पानी, सीवरेज, सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठाए गए। श्री तिवारी ने कहा कि बापूधाम के हजारों परिवार वर्षों से चंडीगढ़ के विकास में योगदान दे रहे हैं लेकिन उनकी कई समस्याएं अभी भी लंबित हैं। उन्होंने कहा कि मालिकाना हक का मुद्दा हजारों परिवारों की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य से जुड़ा है। प्रशासन को स्पष्ट नीति बनाकर इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
श्री लक्की ने कहा कि बापूधाम के लोगों को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि उनके अधिकारों का सम्मान और समस्याओं का स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बापूधाम की समस्याओं को नगर निगम चुनाव में प्रमुखता से उठाएगी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं समझेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित