चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि बादशाहपुर विधानसभा प्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा है। इसका क्षेत्र काफी विस्तृत है और दो नगर निगम क्षेत्रों में आता है। क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
राव नरबीर सिंह शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर-47 स्थित यूनिवर्ल्ड गार्डन-2 में जनसमस्या सुनवाई कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्रवासियों की ओर से रखी जाने वाली विकास संबंधी मांगों का नियमानुसार परीक्षण करवाकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने गोदरेज एरिस्टोक्रेट सोसायटी में सेक्टर-49 को गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से जोड़ने वाली 24 मीटर सेक्टर रोड का उद्घाटन किया। गोदरेज प्रॉपर्टीज की ओर से निर्मित इस सड़क से करीब 30 हजार लोगों और स्कूली बच्चों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में 24 मीटर रोड का निर्माण एक महत्वपूर्ण विषय है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस संबंध में अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठक कर चुके हैं। हरियाणा सरकार जल्द ही 24 मीटर रोड को लेकर नई नीति लाएगी, जिससे लोगों को सुविधा मिलने के साथ इस विषय से जुड़ी समस्याओं का उचित समाधान हो सके।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा रहा है। विकास कार्यों के दौरान जहां भी कमियां सामने आ रही हैं, उन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत करने की जरूरत है। सरकार वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित