मऊ , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति के मद्देनजर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को धर्मपुर बिशनपुर (विंटोलिया) के निकट संचालित कटावरोधी एवं बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परियोजना सुरक्षित पाई गई तथा आवश्यक सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य निर्धारित रूप से संचालित होते मिले।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को सभी तटबंधों एवं बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की नियमित और सघन निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह सतर्क रहें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं हर समय सक्रिय अवस्था में रखी जाएं।
उन्होंने अपर जिलाधिकारी तथा उप जिलाधिकारी मधुबन को प्रतिदिन बाढ़ की स्थिति और बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं से संबंधित सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता एवं अवर अभियंताओं को उप जिलाधिकारी मधुबन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए बाढ़ पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कटावरोधी कार्यों के अंतर्गत किए जा रहे सुरक्षात्मक उपायों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने धर्मपुर बिशनपुर के विंटोलिया टोला पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सतर्क रहते हुए निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बाद में जिलाधिकारी ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ से आए विशेषज्ञों के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने संबंधी सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझावों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अपर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार, उप जिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई संजय मातरे सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित