बीजापुर , सितंबर 27 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण इन्द्रावती नदी पार माड़ क्षेत्र में फंसे पटवारी और सर्वेयर सहित छह कर्मचारियों को जिला प्रशासन ने एयरलिफ्ट कर रविवार को सुरक्षित जिला मुख्यालय पहुंचाया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पटवारी और सर्वेयर का छह सदस्यीय दल गिरदावरी सर्वे कार्य के लिए बड़ेपल्ली और गुट्टामंगी क्षेत्र गया था। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से दल क्षेत्र में फंस गया।

कर्मचारियों के फंसे होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर विश्वदीप ने तत्काल बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने एयरलिफ्ट की व्यवस्था कर सभी छह कर्मचारियों को सुरक्षित बीजापुर जिला मुख्यालय पहुंचाया।

इसके बाद कर्मचारियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां कलेक्टर विश्वदीप की मौजूदगी में उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कलेक्टर ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और कठिन परिस्थितियों में दायित्व निभाने के लिए उनके कार्य की सराहना की।

कलेक्टर ने कहा कि बाढ़ और आपदा की परिस्थितियों में जिला प्रशासन पूरी सजगता और तत्परता से काम कर रहा है। प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राहत एवं बचाव दल लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं, ताकि जनहानि रोकी जा सके और जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

इस दौरान आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी मुकेश देवांगन, तहसीलदार पंचराम सलामे, जिला सेनानी पी.बी. सिदार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित