जगदलपुर , अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलजनित बीमारियों की रोकथाम और प्रभावित लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की संयुक्त टीम ने राहत शिविरों और प्रभावित गांवों का आज निरीक्षण किया। इस दौरान बाढ़ के बाद संभावित बीमारियों की रोकथाम के साथ पीड़ितों को मनोसामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संयुक्त दल ने जगदलपुर के विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों, मोहल्लों और राहत शिविरों का दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दल में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, डब्ल्यूएचओ के राज्य कंसलटेंट डॉ. उरिया नाग, डीपीएम डॉ. रीना लक्ष्मी और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री शामिल थे।
टीम ने नानगुर विकासखंड के भेजापदर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उलनार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मालगांव और ग्राम तुरेनार का निरीक्षण किया। भेजापदर के राहत शिविर में प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार और दवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। उलनार स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में संस्थागत प्रसव एवं नियमित ओपीडी सेवाओं के साथ विशेष स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
मालगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह बहाल करने के निर्देश दिए गए। तुरेनार में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों से स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई।
डॉ. बसाक ने कहा कि आपदा के बाद स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी बीमारियों के उपचार के साथ महामारी की रोकथाम और प्रभावित परिवारों को मानसिक संबल उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने मैदानी अमले को ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने के प्रति जागरूक करने तथा मितानिनों के माध्यम से घर-घर क्लोरीन की गोलियों का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पेयजल स्रोतों के शुद्धिकरण के लिए ब्लीचिंग पाउडर के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित