खगड़िया , सितंबर 08 -- बिहार के खगड़िया जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच जिला प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि बाढ़ की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी प्रभावित लोगों को भोजन, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों तथा बच्चों की पढ़ाई एवं पोषण प्रभावित न हो।
जिला पदाधिकारी विक्रम विरकर के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था के साथ-साथ उनकी पढ़ाई की निरंतरता सुनिश्चित करने हेतु शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गोगरी में 165, खगड़िया में 195 तथा परबत्ता में 315 शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इससे बाढ़ आश्रय स्थलों एवं प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने तथा उनके नियमित शैक्षणिक वातावरण को बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी नैपकिन का भी वितरण किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित