समस्तीपुर , सितंबर 08 -- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री एवं उजियारपुर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद नित्यानंद राय ने मंगलवार को कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार बिहार के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और राज्य के विभिन्न प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाए जा रहे हैं।

श्री राय ने मंगलवार को समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों का स्थलीय भ्रमण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री ने प्रशासन की ओर से संचालित सामुदायिक रसोई, पशु शिविर और मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया तथा प्रभावित लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने नाव से गंगा के बढ़े जलस्तर के कारण प्रभावित मोहनपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों और जलजमाव से घिरे टोलों का निरीक्षण किया।

श्री राय ने इस दौरान बाढ़ में फंसे लोगों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया और प्रभावित परिवारों से प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसी भी बाढ़ प्रभावित परिवार को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित