पटना , सितंबर 09 -- बिहार के पटना जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, आवागमन सुचारू रखने, भोजन, स्वास्थ्य, पशुधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ तटबंधों की सतत निगरानी और संवेदनशील स्थलों पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

प्रभावित इलाकों में सुरक्षित आवागमन एवं बचाव कार्य के लिए कुल 204 नावों का परिचालन किया जा रहा है। अथमलगोला में 8, बख्तियारपुर में 21, बाढ़ में 7, दानापुर में 25, मनेर में 27, पाटलिपुत्र में 19, पुनपुन में 7, फतुहा में 38, दीदारगंज में 40, मोकामा में 6, पालीगंज में 1, फुलवारी शरीफ में 2 तथा नौबतपुर एवं मसौढ़ी में 1-1 नाव संचालित हैं। अधिक आवागमन वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में एसडीआरएफ की 8 तथा एसएसबी की 2 टीमें भी तैनात हैं, जो लगातार लोगों की सहायता एवं सुरक्षा में जुटी हैं।

बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले में 35 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर भोजन के साथ प्रभावित लोगों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित