पटना , सितंबर 12 -- पटना के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने शनिवार को कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा है।

श्री कुमार ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की आवश्यकता के अनुरूप भोजन, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षित आवागमन, पशु चिकित्सा तथा अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 36 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सामुदायिक रसोई केंद्रों के आसपास छोटे बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से आवश्यक सुविधाओं के साथ पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था भी की गई है, ताकि बाढ़ के कारण उनकी शिक्षा प्रभावित नहीं हो।

श्री कुमार ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा तथा उनकी आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उनके लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित