पटना , सितंबर 21 -- िहार के विभिन्न जिलों में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने अपने एक माह के वेतन की संपूर्ण राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान की। लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' में मंत्री श्री यादव ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए अपने एक माह के वेतन की राशि का चेक सौंपा।

इस अवसर पर बिहार राज्य भंडार निगम द्वारा दो करोड़ रुपये तथा बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, पटना द्वारा एक करोड़ रुपये की सहायता राशि का चेक भी मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए प्रदान किया गया। इस प्रकार सहकारिता क्षेत्र की संस्थाओं एवं मंत्री की ओर से तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी गई।

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि बिहार के कई जिलों में बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी गई यह राशि बाढ़ प्रभावित एवं जरूरतमंद लोगों तक राहत और सहायता पहुंचाने में उपयोगी होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित