अमृतसर , सितंबर 18 -- नेपाल में आयी भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का एक दल चार ट्रक राहत सामग्री लेकर शुक्रवार को काठमांडू पहुंचा।

एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के निर्देश पर नेपाल पहुंचे दल में एसजीपीसी के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण, ओएसडी सतबीर सिंह, सचिव बलविंदर सिंह काहलवां, अतिरिक्त प्रबंधक सतनाम सिंह झब्बाल और गुरुद्वारा इंस्पेक्टर कश्मीर सिंह शामिल हैं।

राहत सामग्री में जनरेटर, सौर लाइटें, तिरपाल, मच्छरदानियां, कंबल, लोइयां, खेस, चादरें, दरियां और बर्तन सहित दैनिक जरूरत का सामान शामिल है।

मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मन्नण ने बताया कि एसजीपीसी प्राकृतिक आपदाओं के समय मानवता की सेवा के लिए राहत कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में नेपाल में आयी प्राकृतिक आपदा के दौरान भी एसजीपीसी ने राहत एवं सेवा कार्य किये थे। मौजूदा बाढ़ के बाद भी एसजीपीसी के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से लंगर सेवा जारी है। उन्होंने बताया कि एसजीपीसी ने इससे पहले एक दल नेपाल भेजा था, जिसने सरकार और स्थानीय लोगों से संपर्क कर बाढ़ प्रभावितों की जरूरतों का जायजा लिया था। इसके बाद आवश्यक राहत सामग्री भेजने का निर्णय लिया गया। चार ट्रकों में जनरेटर, सौर लाइटें, तिरपाल, मच्छरदानियां, कंबल, लोइयां, खेस, चादरें, दरियां, थालियां, गिलास, कटोरियां, चम्मच, चावल, दाल और अन्य जरूरी सामान भेजा गया है।

श्री मन्नण ने कहा कि यह राहत सामग्री स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक पहुंचायी जायेगी। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों में गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग, काठमांडू के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, उनके पुत्र अंगद सिंह, महासचिव हरपाल सिंह पाली, दर्शन सिंह, गुरदेव सिंह, कुलवंत सिंह तथा सिख मिशन नेपाल के प्रभारी अमरजीत सिंह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान प्रीतम सिंह और अंगद सिंह ने एसजीपीसी की ओर से किए जा रहे राहत एवं सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिख संस्था ने हमेशा संकट की घड़ी में मानवता की सहायता की है। उन्होंने एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी और पूरी संस्था की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित