पटना , सितंबर 30 -- ितम्बर के अंतिम सप्ताह में हुई अत्यधिक बारिश और नेपाल में हुई भीषण बारिश के कारण गंडक नदी के जल स्तर में हुई अचानक बढ़ोतरी के कारण छह जिले सुपौल, पश्चिम चम्पारण, सहरसा, दरभंगा, गोपालगंज और पूर्वी चम्पारण बाढ़ की चपेत में आ गए हैं। इन जिलों के 27 प्रखंडों की 96 ग्राम पंचायतों में रहने वाली दो लाख तीन हजार की आबादी इससे प्रभावित हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की राहत और बचाव कार्य के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। इसके तहत राज्य भर में 103 कम्युनिटी किचन के सहारे 2.92 लाख लोगों को सुबह-शाम का भोजन उपलब्ध कराया गया है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ग्रस्त इलाकों में 05 राहत शिविर बनाए गए हैं जहां 3,500 बाढ़ शरणार्थियों के लिए आवासन, भोजन एवं चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है। वहीं, प्रभावित क्षेत्र लोगों में 26,100 पॉलीथीन शीट और 5,100 ड्राई राशन पैकेट का वितरण किया जा चुका है। साथ ही आवागमन सहूलियत के लिए 393 सरकारी नावों का परिचालन हो रहा है। बचाव और राहत कार्य के लिए अलग-अलग जिलों में एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 13 टीमों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

सितम्बर के प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह में 15 जिलों के 88 प्रखंडों की 576 ग्राम पंचायतों में लगभग 50.49 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई थी। इस दौरान आपदा प्रबंधन और दूसरे विभागों के आपसी सामंजस्य में बचाव और राहत संबंधी कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब तक 4.54 लाख पॉलीथीन शीट, 1.01 लाख ड्राई राशन पैकेट, 1500 फूड पैकेट और पशुओं के लिए 18,302 क्विंटल पशुचारा का वितरण किया गया। साथ ही 1,486 कम्युनिटी किचन के सहारे करीब 1.96 करोड़ लोगों को सुबह-शाम का भोजन उपलब्ध कराया गया।

आपदा प्रबंधन विभाग का कहना है कि हाल के दिनों में हुई अत्यधिक वर्षा की वजह से गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इससे पश्चिम चम्पारण (बगहा-1 व बैरिया), सारण (मकेर) व गोपालगंज (बैकुंठपुर) के क्षतिग्रस्त तटबंधों पर जल संसाधन विभाग एवं जिला प्रशासन मरम्मत, सतत निगरानी का कार्य तेजी से कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित