चंडीगढ़ , जून 6 -- हरियाणा के ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जमीनी निरीक्षण किया। 41 डिग्री तापमान के बीच उन्होंने करीब चार घंटे तक विभिन्न नदियों, नालों, ड्रेनों और पंप हाउसों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सफाई और पानी निकासी के कार्य अधूरे पाए गए, जिस पर मंत्री ने अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि केवल कागजी दावों से काम नहीं चलेगा, बल्कि परिणाम जमीन पर दिखाई देने चाहिए। विज ने उपायुक्त अजय सिंह तोमर को निर्देश दिए कि सात दिन बाद एक उच्चस्तरीय समिति बनाकर सभी निरीक्षित स्थलों की दोबारा जांच कराई जाए। समिति की रिपोर्ट सीधे उन्हें सौंपी जाएगी।

टांगरी नदी के घसीटपुर क्षेत्र में बने काजवे को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और पानी के प्रवाह में बाधा बन रहे ढांचे को हटाने के निर्देश दिए। रेलवे कॉलोनी और अन्य क्षेत्रों में नालों की सफाई तथा चौड़ाई बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित