हाजीपुर, 16 (वार्ता) बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देशन में जिले में बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान में जिले के अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर में कमी आ रही है तथा बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। जलस्तर घटने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्य भी लगातार किए जा रहे हैं।
बाढ़ की स्थिति के दौरान अब तक जिले में अधिकतम 32 पंचायत, 02 नगर निकाय, 93 गाँव एवं 12 वार्ड प्रभावित रहे हैं तथा कुल 2,98,800 की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। वर्तमान में जलस्तर में कमी आने के साथ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति में सुधार हो रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं राहत कार्यों के लिए वर्तमान में कुल 64 नावों का परिचालन किया जा रहा है।
राहत कार्य के तहत अब तक 48,255 पॉलीथिन शीट एवं 19,180 ड्राई राशन पैकेट वितरित किए गए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्य के दौरान अब तक कुल 39 सामुदायिक रसोई संचालित की गई थीं। वर्तमान में किसी भी स्थान पर सामुदायिक रसोई संचालित नहीं है।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में 10 स्वास्थ्य शिविर संचालित हैं तथा अब तक कुल 22,672 मरीजों का उपचार किया गया है।
जलस्तर घटने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता एवं कीटाणुशोधन कार्य लगातार किया जा रहा है। बाढ़ का पानी निकलने वाले क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है। अब तक कुल 583 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग/छिड़काव किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित