पटना, मई 21 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ की पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों और जिलाधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में संभावित बाढ़ एवं सुखाड़ के पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक भी जुड़े रहे।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा कि बाढ़ और सुखाड़ दोनों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग के अधिकारी और जिलाधिकारी पूरी तरह अलर्ट रहें। आपदा को विपदा न बनने दें। लोगों को आपदा की स्थिति में पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के साथ है। राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है।

श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ और सुखाड़ की स्थिति में प्रभावितों को हरसंभव मदद करती है, इसे ध्यान में रखते हुये सभी संबद्ध विभाग और अधिकारी सतर्क रहें। जिन क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका रहती है, वहां के तटबंधों और सड़कों का निर्माण कार्य 31 मई से पूर्व ही पूर्ण कर लिया जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश देते हुये कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग सतत् अनुश्रवण करते रहे तथा यह सुनिश्चित करें कि लोगों को किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, आवश्यकता अनुसार सभी व्यवस्थायें ससमय पूरी करें। भू-जलस्तर पर नजर रखें और पेयजल का इंतजाम रखें। बाढ़ की स्थिति में पशुओं के लिये सूखा चारा की व्यवस्था रखें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गर्मी ज्यादा है। इसे ध्यान में रखते हुये सभी प्रकार की तैयारी रखें और लोगों को सचेत करें। हर चीज पर नजर रखनी है और पूरी तरह से सतर्क रहना है। उन्होंने कहा कि मुस्तैदी के साथ सभी लोग लगे रहेंगे तो आपदा की स्थिति में लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अन्तरविभागीय समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे लोगों को सुविधा और सहूलियत मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित