चंडीगढ़ , जुलाई 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय बैठक कर राज्य में मानसून तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपायुक्तों को प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ताकि किसी भी जिले में जलभराव की स्थिति न बने। बैठक में बाढ़ नियंत्रण, जल निकासी और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ समय पर निवारक कदम उठाने के निर्देश दिये गये।

बैठक में सिंचाई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत, राजस्व, स्वास्थ्य सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार होनी चाहिए और जलभराव की आशंका वाले स्थानों की पहले से पहचान कर आवश्यक इंतजाम पूरे किये जायें। बारिश के बाद सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में जमा पानी तुरंत निकाला जाए ताकि जनजीवन प्रभावित न हो।

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए पंप सेट, मोटर, पाइप और अन्य जल निकासी उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील रखने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने और उपमंडल स्तर तक निगरानी बनाए रखने को कहा।

उन्होंने यमुना सहित सभी नदियों और प्रमुख नालों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा वर्षा जल के प्रवाह में आने वाली किसी भी बाधा को तत्काल हटाने के निर्देश दिये। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राजस्व, सिंचाई, पुलिस और अन्य विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में बाढ़ नियंत्रण और जल निकासी के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए नाव, जनरेटर, मशीनरी और अन्य उपकरण पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिये। स्वास्थ्य विभाग को जलजनित और संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए पर्याप्त दवाइयों का भंडार रखने और चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने सभी उपायुक्तों को प्रत्येक जिले में टोल-फ्री हेल्पलाइन जारी करने के निर्देश दिये, ताकि जलभराव, बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा सके। साथ ही जलभराव की प्रत्येक घटना का रिकॉर्ड तैयार कर भविष्य के लिए स्थायी समाधान विकसित करने के भी दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित