मुजफ्फरपुर 28मार्च (वार्ता) मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले बाजार समिति इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को मजबूत करने के लिए नई टीओपी (टाउन आउट पोस्ट) का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बाजार समिति क्षेत्र में लंबे समय से बढ़ते अपराध और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए टीओपी की स्थापना की गई है। इसके शुरू होने से इलाके में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर एसडीएम पूर्वी तुषार कुमार, सिटी पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोहिबुल्लाह अंसारी तथा अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) टाउन टू बिनीता सिन्हा सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित