चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने राज्य में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआइसीए) द्वारा समर्थित लगभग 1300 करोड़ रूपये की स्वीकृत परियोजनाओं पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए हैं।

श्री भगत ने मंगलवार को बागवानी विभाग के अधिकारियों को बागवानी क्षेत्र में तेजी लाने और किसानों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर फलदार पौधे उगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फलों की पौध बाजार की मांग और किसानों की सुविधा के अनुसार तैयार की जानी चाहिए। इन परियोजनाओं का उद्देश्य पंजाब में जलवायु-अनुकूल और उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को प्रोत्साहित करना है।

बैठक के दौरान, बागवानी विभाग के सचिव श्री अर्शदीप सिंह थिंद और निदेशक श्री मनीष कुमार ने मंत्री को विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में नई भर्तियों, अधिकारियों की पदोन्नति और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित