ऊधम सिंहनगर , अप्रैल 15 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में नशा और अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बाजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो ऐसे शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है जो मादक पदार्थ और हथियारों की तस्करी एक साथ कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मंगलवार को बाजपुर में लेवड़ा नदी तिराहे पर सघन जांच अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 2.664 किलोग्राम गांजा, तीन अवैध तमंचे (315 बोर) और दो कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सेरान अंसारी और मौ. अबूजर, निवासीगण खताड़ी, रामनगर, नैनीताल के रूप में हुई है। आरोपी अबूजर के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बाजपुर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
एसएसपी के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित