रूद्रपुर , मई 20 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में आबकारी विभाग ने कच्ची शराब माफियाओं के खिलाफ बुधवार को कार्रवाई करते हुए 3000 लीटर लाहन को नष्ट कर दिया है जबकि शराब माफिया मौके से फरार होने में सफल रहा।
आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट के अनुसार आबकारी विभाग की टीम की ओर से बाजपुर के बरहैनी, बेरिया दौलत और मढ़िया हट्टू गांवों के जंगलों में छापेमारी की गई। मौके पर अवैध कच्ची शराब बनायी जा रही थी।
आबकारी टीम की भनक लगते ही इस दौरान शराब माफिया फरार होने में कामयाब रहा। मौके पर ही शराब बनाने वाली दो भट्टियों को तोड़ दिया गया। टीम ने कुल 30 लीटर अवैध शराब भी ज़ब्त की तथा लगभग 3000 लीटर लाहन (शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला सड़ा हुआ मिश्रण) नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही शराब बनाने के उपकरण ज़ब्त किए गए।
शराब माफियाओं के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। माफिया की पहचान और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। आबकारी विभाग की ओर से जंगलों में होने वाली ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि के बारे में तुरंत आबकारी विभाग को सूचित करने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित