उमरिया , मई 29 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने बाघ के हमले में मृत महिला के परिजनों को आठ लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान कर दी है। शेष 17 लाख रुपए की राशि स्वीकृति के लिए राजस्व विभाग को प्रकरण भेजा गया है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि 24 मई को पनपथा परिक्षेत्र के खेरवा टोला में बाघ के हमले में एक महिला की मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतका के परिजनों को 25 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की थी।
उन्होंने बताया कि टाइगर रिजर्व प्रबंधन को अपने अधिकार क्षेत्र में अधिकतम आठ लाख रुपए की सहायता राशि देने का अधिकार है। इसी के तहत तत्काल मृतका के परिजनों के बैंक खाते में आठ लाख रुपए की राशि जमा करा दी गई है।
क्षेत्र संचालक ने बताया कि शेष 17 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कराने के लिए प्रकरण राजस्व विभाग को भेजा गया है। राशि स्वीकृत होते ही मृतका के परिजनों को प्रदान कर दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित