सल्ट, अल्मोड़ा,31मार्च(वार्ता) उत्तराखंड में अल्मोडा के विकासखंड सल्ट के तङम (बेलम) गाँव निवासी 60 वर्षीय खीम सिंह को बाघ ने अपना निवाला बना लिया, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ट्रेंकुलाइजिंग गन, पिंजरा, ड्रोन आदि उपकरण सहित मौके पर पहुंची, टीम ने मौके पर पहुँचकर क्षत-विक्षप्त शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बुजुर्ग खीम सिंह रोजाना लकड़ी, घास आदि लेने जंगल जाते थे, मंगलवार को भी रोजाना की तरह सुबह करीब 7 बजे लकड़ी लेने घर से थोड़ी ही दूरी पर जंगल की ओर निकल गये थे, लेकिन रोज की तरह वापस नहीं आये, रोजाना 10 बजे तक घर वापस लौट आते थे, लेकिन 11 बजे तक भी वापस नहीं आने पर पत्नि मुन्नी देवी को चिंता हुई तो गाँव वालों से कहकर खोजबीन शुरू कर दी, घर से थोड़ी ही दूरी पर एक ग्रामीण को खून के धब्बे दिखाई देने से किसी अनहोनी का शक गहराते ही खीम सिंह की गहन तलाशी शुरू कर दी, और थोड़ी दूरी पर ही खीम सिंह का क्षत-विक्षप्त हालत में शव बरामद हो गया।

ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गयी, मोहान रेंज के रेंजर गंगा शरण अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दूसरी तरफ सूचना मिलते ही जिला प्रशासन से एसडीएम रिंकु बिष्ट और तहसीलदार आबिद अली भी टीम के साथ रवाना हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित