अलवर , जनवरी 11 -- राजस्थान में अलवर का सरिस्का बाघ अभयारण्य बाघों के नियमित रूप से नजर आने से पर्यटकों से गुलजार हो रहा है। सरिस्का में बाघ खासकर 21 शावक आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

यहां आए पर्यटकों सबसे ज्यादा रोमांचित उस समय हाेते हैं जब बाघिन अपने शावकों के साथ विचरण करते दिखाई देती है। वह क्षण पर्यटकों के लिए यादगार बन जाता है। शनिवार और रविवार को पर्यटकों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। एक अनुमान के मुताबिक हर शनिवार और रविवार को करीब 1500 पर्यटक सरिस्का पहुंच रहे हैं। शीतलकीन अवकाश के दौरान तो रोजाना इनसे ज्यादा पर्यटक आते थे।

सरिस्का में बाघ दिखने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इसका सीधा असर पर्यटकों की संख्या पर पड़ रहा है जिसके चलते पर्यटक सरिस्का के प्रति आकर्षित हो रहे हैं। ज्यादातर पर्यटक बाघों के दीदार करने की चाह में सरिस्का आते हैं। बाघों के साथ ही शावकों के दिखने से उनका रोमांच बढ़ जाता है। सरिस्का में प्रवेश के दो मुख्य द्वार हैं। इसमें दूसरा द्वार सरिस्का का मुख्य द्वार है जो अलवर जयपुर रोड पर स्थित है। ज्यादातर बाघ इसी मुख्य द्वार के आसपास विचरण कर रहे हैं। लिहाजा पर्यटकों की सबसे ज्यादा भीड़ भी इसी द्वार पर रहती है।

शनिवार को सरिस्का में बाघिन एसटी-30 अपने शावकों के साथ सड़क पार करती हुई दिखाई दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद पर्यटक गदगद हो गए और उन्होंने अपने कैमरे में उस दृश्य को कैद किया।

उधर, सरिस्का बाघ अभयारण्य में सफारी करने आए पर्यटकों को काला कुआं वाटर पॉइंट पर बाघ एसटी- 21 युवराज नजर आया। यह युवा बाघ झाड़ियों से निकल कर पर्यटकों के मार्ग में आया और सड़क पार करके जंगल के दूसरी तरफ झाड़ियों में चला गया। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ सफारी करने वाले पर्यटकों की जिप्सी मौजूद थीं । बाघ एसटी-21 युवराज को देख पर्यटक उत्साहित नजर आये । उन्होंने यह नजारा अपने कैमरे में कैद कर लिया।

बाघों के लगातार नजर आने का मुख्य कारण इनका कुनबा बढ़ना है। जिससे चलते ये आये दिन मुख्य द्वार की ओर विचरण करने आते हैं। ऐसे में काफी संख्या में पर्यटक सफारी करने सरिस्का पहुंच रहे हैं। सरिस्का सदर रेंज में इन दिनों बाघ एसटी- 21 युवराज, बाघिन एसटी-2304 और एसटी- 9 घूमते नजर आ रहे हैं। पिछले दो महीने के दौरान पर्यटकों को लगातार बाघ और बाघिन अपने शावकों के संग दिखाई दे रहे हैं। अलवर शहर के समीप एसटी- 2302 बाघिन भी अपने शावकों के साथ कई बार दिखाई दे चुकी है। वर्ष के अंत में और नये वर्ष के शुरू होते ही सरिस्का में अब पर्यटक बढ़ने लगे हैं। जिसके चलते सफारी जिप्सी भी फुल चल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित