भरतपुर , मई 27 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर बाघ अभयारण्य के जोन-4 में बाघ और बाघिन में भिड़ंत को देखकर पर्यटक रोमांचित हो गये।

वन विभाग के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम को हुई इस भिड़ंत को पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद किया। इस घटना का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किया गया।

सूत्रों ने बताया कि मलिक तालाब के किनारे बाघ शिकार करके उसे खा रहा था, तभी बाघिन (रिद्धि) ने वहां आकर बाघ के शिकार पर झपट्टा मारा। बाघ ने भी अपना शिकार बचाने के लिए बाघिन से मुकाबला किया, लेकिन दोनों के बीच कुछ देर की खींचतान में बाघिन आक्रामक होकर शिकार को झपट ले गयी। बाघ को अपने कदम पीछे हटाने पड़े और बाघ के कब्जे से शिकार को लेकर बाघिन आगे बढ़ गयी। इस नजारे को उन्होंने कैमरे में कैद किया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित