बागेश्वर , जून 29 -- उत्तराखंड के बागेश्वर पुलिस ने सोमवार को 962 ग्राम अवैध चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) ने इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि बागेश्वर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक नितिन बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान आरे-द्यांगड़ बाईपास मार्ग पर वाहनों की जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोका गया और तलाशी लेने पर वाहन से 962 ग्राम अवैध चरस बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से राजू आर्या (23) निवासी मल्लीताल, नैनीताल, विरेन्द्र कुमार (21) निवासी तल्लीताल, नैनीताल तथा युगराज कुमार (23) निवासी दन्या, अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर लिया और तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित