बागेश्वर , सितंबर 15 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि के कारण विभिन्न क्षेत्रों में नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार कपकोट क्षेत्र के लोहारखेत अंतर्गत ग्राम सूपी में सोमवार को हुई अतिवृष्टि के दौरान बिजली गिरने से नंदन सिंह पुत्र पुष्कर सिंह के तीन बैलों की मृत्यु हो गई जबकि काण्डा क्षेत्र के ग्राम जोग्यूड़ा में को हुई अतिवृष्टि के कारण पूरन राम पुत्र बहादुर राम की गौशाला क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें दबकर एक बैल मर गया।

इसके अलावा बागेश्वर क्षेत्र में भी अतिवृष्टि से नुकसान हुआ है। ग्राम स्यालडोबा निवासी श्रीमती मधूली देवी पत्नी किड़ राम का आवासीय मकान तीक्ष्ण क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ग्राम कलौटा निवासी गुड्डू प्रसाद पुत्र बाली राम के आवासीय मकान से लगी गौशाला भी क्षतिग्रस्त हुई।

प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का आकलन कर आपदा प्रबंधन नियमावली के अंतर्गत राहत एवं मुआवजे की कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित