देहरादून , सितम्बर 28 -- उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड के प्रत्येक विकासखण्ड में नये महाविद्यालयों की स्थापना की जा रही है। इसी क्रम में बागेश्वर जिले के काफलीगैर में नये महाविद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। जिसका शासन स्तर से शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

राजकीय महाविद्यालय काफलीगैर के संचालन को सरकार ने शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के कुल 18 पदों की भी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने सोमवार को यहां जारी बयान में बताया कि बागेश्वर जिले में राजकीय महाविद्यालय काफलीगैर की स्थापना की मंजूरी दे दी गई है। साथ ही महाविद्यालय के संचालन को शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के कुल 18 पदों को भी स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें प्राचार्य, असिस्टेंट प्रोफेसर हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र, संस्कृत, पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ सहायक, पुस्तकालय लिपिक, बुक लिफ्टर, के एक-एक जबकि कनिष्ठ सहायक, अनुसेवक एवं स्वच्छक कम चौकीदार के दो-दो पद शामिल हैं। इन पदों में 13 नियमित जबकि पांच आउटसोर्स के पद हैं जिसमें बुक लिफ्टर, अनुसेवक और स्वच्छक/चौकीदार है। उन्होंने बताया कि इन सृजित पदों के सापेक्ष विभागीय स्तर से नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया की कार्यवाही की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित