चंडीगढ़ , सितंबर 28 -- हरियाणा सरकार ने राज्य में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से 'बागवानी फसलों की खेती के लिए सब्सिडी प्रावधान' योजना लागू की है। इसके तहत फल, सब्जियां, फूल, मसाले और सुगंधित पौधों की खेती करने वाले किसानों को सब्सिडी दी जाएगी।
बागवानी विभाग के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि नए फलों के बाग लगाने और मसालों की खेती के लिए किसान अधिकतम पांच एकड़ क्षेत्र पर योजना का लाभ ले सकते हैं। सब्जी की खेती के लिए सामान्य वर्ग के किसान पांच एकड़ और अनुसूचित जाति वर्ग के किसान एक एकड़ तक लाभ ले सकते हैं। फूलों और सुगंधित पौधों की खेती के लिए भी अधिकतम पांच एकड़ क्षेत्र निर्धारित है।
नए बाग लगाने पर प्रति एकड़ 24,500 से 1.40 लाख रुपये, सब्जी की खेती पर सामान्य वर्ग को 15,000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग को 25,500 रुपये प्रति एकड़ सब्सिडी मिलेगी। यह लाभ मल्चिंग, लो टनल, ड्रिप सिंचाई और बांस के सहारे जैसी एकीकृत कृषि पद्धतियां अपनाने पर मिलेगा। मसालों पर 15,000 से 30,000 रुपये, फूलों पर 8,000 से 40,000 रुपये और सुगंधित पौधों पर 8,000 रुपये प्रति एकड़ सब्सिडी दी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित