चंडीगढ़ , सितंबर 17 -- हरियाणा बागवानी विभाग की ओर से वर्ष 2026-27 में किसानों के कौशल विकास के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण सिरसा जिले के मंगियाना स्थित फल उत्कृष्टता केंद्र में दिया जाएगा। राज्य के सभी जिलों के इच्छुक किसान विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम अक्टूबर से दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों पर आयोजित होंगे। इनमें नर्सरी प्रबंधन और बाग प्रबंधन प्रमुख विषय होंगे। प्रत्येक बैच में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं और प्रतिभागियों का चयन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन करने वाले किसानों की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच तथा हरियाणा का स्थायी निवासी होना जरूरी है। हालांकि, हरियाणा में नर्सरी संचालित करने वाले गैर-निवासी भी नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकेंगे। नर्सरी लाइसेंस प्राप्त करने के लिए यह प्रशिक्षण अनिवार्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित