बागपत , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के बड़ौत नगर में हुई टेंट कारोबारी और उनके बेटे की हत्या में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने मंगलवार की देर शाम पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में वह दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया था, जिसे उपचार के लिए पुलिसकर्मियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
गौरतलब है कि गत नौ जून को दस साल पुरानी रंजिश में बड़ौत में बस अड्डा पुलिस चौकी के पास टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके बेटे विकास की लुहारी गांव के हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने साथियों के साथ गोलियां बरसाते हुए निर्मम हत्या कर दी थी। तभी घटना को अंजाम देकर वहां से भागते हुए हत्यारोपी वरुण को भीड़ ने दबोच लिया था और पिटाई करने के बाद उसको गोलियां मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। हत्या में शामिल उसके दोनों साथी भीड़ को चकमा देकर वहां से भाग गए थे।
इस घटना से क्षुब्ध व्यापारियों ने अगले दिन बाजार भी बंद रखा था और तभी से बदमाशों का एनकाउंटर करने की मांग व्यापारी कर रहे थे। पुलिस की जांच में सामने आया था कि हिस्ट्रीशीटर वरुण के साथी भीमसैन और सुनील उर्फ जॉनी निवासी मंडौली कलां, जिलाभिवानी हरियाणा इस घटना में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में भीमसैन अपने दोनों साथियों को ले जाने के लिए पल्सर मोटरसाइकिल लेकर खड़ा हुआ था। इस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि मंगलवार शाम भीमसैन के लुहारी गांव जाने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए बावली मार्ग पर जंगल में उसको रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ गोली चला दी, जिसमें बदमाश दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने घायल बदमाश से की गई पूछताछ के बाद बताया कि उसका साथी सुनील उर्फ जॉनी भिवानी में ही तमंचे के साथ गिरफ्तार हो गया है। उसको भी बी वारंट पर वहां से यहां लाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित