बागपत , अप्रैल 08 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में दो इंजीनियर दोस्तों की मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों को एक दिन पहले ही बीटेक की डिग्री मिली थी और हादसे के समय दोनों नौकरी की मन्नत मांगने के लिए दिल्ली से ऋषिकेश के नीलकंठ मंदिर जा रहे थे।
बागपत कोतवाली के निरीक्षक बृजेश कुमार ने बुधवार को बताया कि दोनों युवक रास्ता भटक गए थे। उन्होंने गूगल मैप का इस्तेमाल किया, जो उन्हें दिल्ली-देहरादून ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे पर ले गया। इस दौरान 100 की रफ्तार से एक्सप्रेस-वे पर 200 मीटर चलने के बाद उनकी कार बेकाबू हो गई और बैरियर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार की देर रात करीब एक बजे शहर कोतवाली क्षेत्र में हुआ।
गौरतलब है कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे अभी निर्माणाधीन है। इंजीनियर कपिल (24) और प्रयाग कौशिक (25) दिल्ली के नांगलोई के रहने वाले थे। दोनों ही अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे।
आसपास के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटनास्थल पर बुधवार की तड़के पहुंचे प्रयाग कौशिक के ताऊ देवीलाल ने कहा कि दोनों बच्चों ने एक साल पहले बीटेक की परीक्षा पास की थी, लेकिन सोमवार को ही विश्वविद्यालय से डिग्री मिली थी। वे नौकरी की मनोकामना लेकर ऋषिकेश के नीलकंठ मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रहे थे, लेकिन हादसे का शिकार हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित