बागपत , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के बागपत में ड्यूटी में लापरवाही बरतना अग्रवाल मंडी टटीरी पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को भारी पड़ गया। पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने चौकी प्रभारी सहित चौकी पर तैनात सभी 14 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

दरअसल, यह मामला थाना कोतवाली बागपत क्षेत्र के ग्राम अहमदशाहपुर पडडा का है। गांव में 18, 19 और 20 अक्टूबर को लगातार तीन दिन सांप्रदायिक झगड़े हुए, लेकिन टटीरी चौकी प्रभारी ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी और न ही समय रहते कोई वैधानिक कार्रवाई की।

मामला संज्ञान में आने पर 21 अक्टूबर को कोतवाली बागपत में तीन मुकदमे दर्ज किए गए। सीओ नगर बागपत की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरी चौकी को ही लाइन हाजिर कर दिया। लाइन हाजिर होने वालों में चौकी प्रभारी महिला उपनिरीक्षक सीमा सिंह, उपनिरीक्षक आलोक कुमार, मुख्य आरक्षी कोमल, हेड कांस्टेबल कैलाश, शिवदत्त, कन्हैया लाल, राकेश कुमार, करतार सिंह, रामकुमार, गजेंद्र सिंह, विपिन कुमार और कांस्टेबल अभिषेक, विशाल पंवार व लवकुश शामिल हैं।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को चेतावनी दी है कि ड्यूटी में लापरवाही, उदासीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और छोटी सी सूचना पर भी तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित