बागपत , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के ग्राम कोताना में सोमवार को एक व्यक्ति का शव उसके ही ट्यूबवेल के पास ईख के खेत में पड़ा मिला।

पुलिस ने बताया कि गांव निवासी प्रमोद (55) का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के जल्द खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया, परिजनों की तहरीर मिल गई है, जिसके आधार पर थाना बड़ौत पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित